बारातियों से भरे ट्रैक्टर में हाइवा ने मारी टक्कर, छह लोग घायल
हंटरगंज | वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के घंघरी स्थित चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर सोमवार की देर रात सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना एक हाइवा द्वारा बारातियों से भरी ट्रैक्टर में टक्कर मार देने के कारण घटी। बारात घंघरी गांव के दुर्गा भुइयां के घर आया हुआ था। बाराती दरवाजा लगाने के क्रम में सड़क पर डांस कर रहे थे। कुछ बराती ट्रैक्टर से नीचे उतर कर नाच रहे थे। कुछ बाराती ट्रैक्टर पर सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे हाइवा ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर में बैठे बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बोधगया के महुदय गांव के विनोद कुमार, दिनेश कुमार, विजय कुमार, राजा मांझी सहित अन्य बाराती शामिल है। घायल बारातियों का इलाज हंटरगंज अस्पताल में किया गया। घायल विजय कुमार को गया मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक हाइवा लेकर फरार हो गया।