850 पाउच देसी शराब कार से बरामद, चालक फरार
हुसैनाबाद | पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम जपला-नवीनगर रोड के मेहंदीनगर में अल्टो से 850 पाउच देसी शराब जब्त किया गया। जबकि चालक कार छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार थानेदार रास बिहारी लाल जिला मुख्यालय से क्राइम मीटिंग से हुसैनाबाद लौट रहे थे। जपला-सिद्धनाथ गेट के समीप पुलिस को देखकर अल्टो चालक तेजगति से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, तो मेहंदीनगर पुल के पास सिल्वर कलर की अल्टो कार जिसका नंबर-बीआर 6 एम-1082 छोड़कर चालक फरार हो गया। तलाशी के बाद उसमें प्लास्टिक के पांच बोरा में 850 अवैध देसी पाउच बरामद किया गया। बताया जाता है कि बिहार का सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण वहां अवैध तरीके से शराब बनाने और बेचने का कारोबार धड़ल्ले से होने की सूचना पर पुलिस को कामयाबी मिली है। थाना प्रभारी रास बिहारी लाल ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही अल्टो के मालिक और चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।