कार्यालय जाने के दौरान नाजिर को लोगों ने पीटा
अनुमंडल कार्यालय के नाजिर सुधीर प्रसाद सिन्हा को कार्यालय जाने के दौरान अज्ञात लोगों ने जम कर पीटा और फरार हो गए। इससे सुधीर की स्थिति गंभीर है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को कार्यालय जाने के क्रम में जपला-दंगवार मुख्य पथ के सिद्धनाथ पेट्रोलियम के सामने एक बोलेरो से अचानक चार-पांच की संख्या में लोग उतरे और सुधीर की बाइक को रोककर पूछा कि तुम्हीं बरियातू में मकान बना रहा है और हां कहने के साथ ही सभी लोगों ने पीटना शुरू कर दिया।
इसके बाद नाजिर सुधीर प्रसाद सिन्हा अचेत होकर गिर पड़े। फिर सभी लोग दंगवार की ओर फरार हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना प्रखंड व अंचल कर्मियों को दिया तो वे लोग आए और नाजिर को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर रेफर कर दिया।
अस्पताल में नाजिर सुधीर प्रसाद से मिलने पहुंचे बीडीओ, सीओ और अन्य।
रांची में पड़ोसी से हुई थी नोकझोंक
नाजिर ने बताया कि रांची के बरियातू में नया मकान बनाया हूं और मकान बनाने के दौरान पड़ोसी के साथ प|ी की नोक झोंक हुई थी। इसकी जानकारी प|ी ने मुझे दी। फोन पर पड़ोसी से बात की तो उसने देख लेने की धमकी दी और फिर यह घटना हो गई। नाजिर ने कहा कि सभी लोग के चेहरे खुले हुए थे, लेकिन किसी को पहचानता नहीं हूं।
अपराधियों की गिरफ्तारी शीघ्र नहीं हुई तो होगा आंदोलन
अनुसचवीय कर्मचारी महासंघ के सदस्य शखिचन्द राम, भीम राम, सोनी कुमार, अनुप्रिया कुमारी सहित प्रखंड, अंचल एवं अनुमंडल कार्यालय कर्मी ने कहा कि नाजिर के साथ हुई घटना में शामिल लोगों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो हम सभी आंदोलन को विवश होंगे। मामले की एसडीओ कुंदन कुमार ने निंदा की है। वहीं बीडीओ शेखर कुमार व सीओ विपिन कुमार दुबे ने अस्पताल पहुंचकर जायजा लिया। इधर हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले शीघ्र पुलिस की गिरफ्त में होंगे।