बेटी की सुसराल रसोई में गए व्यक्ति का जंगल में मिला शव
बेटी की सुसराल में रसोई में गया एक व्यक्ति वापस घर नहीं लौटा। अज्ञात आरोपी ने पत्थर से सिर कुचल कर उसकी हत्या कर दी। जंगल में सर्चिंग कर रहे वन रक्षक ने शव देखा तो पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने मौके से शव को ले गई। मृतक की पहचान तो हो गई, लेकिन हत्यारों का अभी पुलिस को सुराग नहीं लगा है। धाईखेड़ा में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं पुलिस हत्यारों का सुराग लगाने में जुटी है।
शनिवार को नादान सर्किल के वनरक्षक अशोक गौर सुबह जंगल की सर्चिंग में निकले थे कि सागौन के पेड़ के नीचे किसी अज्ञात व्यक्ति का सिर कुचला हुआ शव पड़ा हुआ मिला। वनरक्षक ने इसकी सूचना इछावर थाने में दी। थाने से टीआई एमआर खान पुलिस बल के साथ नादान घाट पर पहुंचे। थाना प्रभारी एमआर खान ने बताया कि मृतक की पहचान धाईखेड़ा भारला पठार निवासी झिरमल सिंह पुत्र रूप सिंह आयु 40 वर्ष के रूप में हुई है। मृतक गुरुवार को घर से रसोई में जाने का कहकर निकला था।
बेटी से वापस घर जाने का कह कर चला था
मृतक अपनी पुत्री के सुसराल दुर्गानायक गया था। यहां उसकी बेटी की देवरानी का रसोई कार्यक्रम था। यहां से मृतक अपनी पुत्री से घर का कहकर निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। शनिवार को उसका शव नादान के जंगल में मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।