- Hindi News
- National
- मालिक की होशियारी से सात भैंस सहित चोर पकड़ाया, कई गांवों में हो चुकी हंै चोरियां
मालिक की होशियारी से सात भैंस सहित चोर पकड़ाया, कई गांवों में हो चुकी हंै चोरियां
क्षेत्र में भैंस चोरी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार की रात करीब 2.30 के लगभग एक किसान के खेत पर बने मकान से 7 भैंस चुराकर चोर पास के जंगल में ले गए। इस बीच भैंस की पाड़ियों के चिल्लाने पर किसान की नींद खुली और उसने आस-पास भैंसों की तलाश की तो जंगल एक व्यक्ति भैंसों के पास बैठा हुआ मिला।
बुधवार अल सुबह ढाई बजे नगर से दो किमी दूर स्टेट हाईवे स्थित खेत पर बने मकान से अज्ञात चोर मोहन लाल, लखन लाल व मदन लाल की 7 भैंस चुरा कर ले गए। ढूंढने पर सागौन के जंगल में भैंस बंधी हुई मिली और एक व्यक्ति बैठा हुआ मिला। जब पूछताछ की तो इसने बताया कि हाईवे पर आयशर वाहन में मेरे साथी बैठे हैं। जब तीनों भाई व अन्य किसान वहां पहुंचे तो आयशर वाहन में बैठे 2 और 3 बाइक पर बैठे 6 लोग वहां से भाग निकले। किसानों ने 100 डायल पर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस भैंस चोर व आयशर वाहन को लेकर थाने आ गए। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने भैंस चोरों के खिलाफ मामला कायम नहीं किया था। पकड़ा गया भैंस चोर और आयशर वाहन भोपाल का बताया जा रहा है। क्षेत्र में भैंस चोरी की घटनाएं इतनी अधिक बढ़ गई हैं कि किसानों ने खेतों पर भैंसे बांधना ही बंद कर दिया है। ग्राम नयापुरा, सिराड़ी, दुदलाई सहित एक दर्जन गांवों से भैंसे चोरी हो चुकी है।