- Hindi News
- National
- चना बेचने आए किसानों का हंगामा, समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र से वापस लौटाने पर थे नाराज
चना बेचने आए किसानों का हंगामा, समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र से वापस लौटाने पर थे नाराज
इछावर | समर्थन मूल्य पर चना व मसूर खरीदने के लिए मंडी में दो खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। सोमवार को जब कुछ किसान एसएमएस आने के बाद चना बेचने के लिए खरीदी केंद्र पहुंचे तो उनका चना यह कहते हुए लेने से मना कर दिया गया कि इसमें कचरा है। इस बात से नाराज किसान चने से भरी ट्राली लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी करने लगे।
सोमवार को चैनपुरा के कुछ किसान चना लेकर मंडी स्थित खरीदी केंद्र पर आए थे। तो प्रभारी ने चने को देखने के बाद यह कहते हुए खरीदने से मना कर दिया कि इसमें दाल व कचरा अधिक है। पहले चना साफ कर लाओ तब इसे खरीदेंगे। इस पर किसान भड़क गए और जमकर हंगामा किया। इसके बाद किसान चने से भरी हुई ट्रालियां लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे और यहां हंगामा शुरू कर दिया। इस पर एसडीएम आरएस राजपूत व टीआई एमआर खान ने किसानों को समझाईश दी। इस पर किसान शांत हुए और चना साफ कर लाने को राजी हो गए। एसडीएम आरएस राजपूत ने कहा कि जिन किसानों को एसएमएस आ रहे हैं वह इस बात का ध्यान रखें कि चना व मसूर को साफ कर ही खरीदी केंद्र पर लेकर आएं। नियम अनुसार अधिक कचरा व दाल वाले चना व मसूर को नहीं खरीदा जा सकता है।