दो हाईवे को जोड़ने वाला 17 किमी लंबा धामंदा अमलाहा रोड खस्ताहाल
भास्कर संवाददाता | बिशनखेड़ी
इछावर से धामंदा, अमलाहा, दुर्गपुरा भाऊखेड़ी होकर जाने वाली 17 किमी लंबी सड़क की हालत खस्ता है। इस सड़क पर अब चलना भी दूभर हो गया है। इसकी मरम्मत नहीं होने से लोग काफी परेशान हो रहे हैं।
इछावर से धामंदा, अमलाहा, भाऊखेड़ी होकर यह सड़क जाती है। यह रोड दो हाइवे को जोड़ने का काम करती है। अभी हालत यह है कि नरसिंहखेड़ा, दुर्गापुरा, धामंदा के पास अजनाल नदी पर बनी रपटा पुलिया नदी में आई बाढ़ के कारण पूरी बह गई थी तभी से पूरा रोड क्षतिग्रस्त है। मार्ग को ठीक कराए जाने की लंबे समय से मांग की जा रही है।
कच्चे रास्ते में बदला रोड
सरपंच प्रतिनिधि देवराज वर्मा ने बताया कि यह रोड कई दिनों से खुदा हुआ पड़ा है। पूरा रोड कच्चे रास्ते में तब्दील हो चुका है। रोड पर गड्ढे ही गड्ढे हो रहे हैं और डामर भी पूरी तरह उखड़ चुका है।
धामंदा के संजय वर्मा ने बताया कि गांव धामंदा से यह रोड होता हुआ अमलाहा हाइवे पर निकलता है लेकिन पूरा खराब हो चुका है। रोज सैकड़ों वाहन निकलते हैं। कई वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो जाते हैं। दिन में तो कठिनाई होती ही है लेकिन रात को अधिक दिक्कतें हो रही हैं।
भाऊखेड़ी के परमानंद वर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के सहयोग से रोड का निर्माण कराया गया था। इसको करीब 8 साल 10 माह हो चुके हैं लेकिन आज तक इस पर किसी ने रिपेयरिंग का काम नहीं किया है। इस रोड को पूरे गलत तरीके से बनाया गया। जहां भी कार्य किया गया वह भी घटिया क्वालिटी का हुआ है।