- Hindi News
- National
- कच्चे मकानों में रह रहे 215 परिवारों को मिलेगी पक्के मकान बनाने के लिए राशि
कच्चे मकानों में रह रहे 215 परिवारों को मिलेगी पक्के मकान बनाने के लिए राशि
नगरीय क्षेत्र के 215 हितग्राहियों को पीएम आवास की प्रथम किश्त शीघ्र ही मिलने वाली है। शासन द्वारा नगर परिषद को प्रथम किश्त के रूप में सभी हितग्राहियों को 40 हजार रुपए की राशि देने के लिए 2 करोड़ 15 लाख रुपए की राशि प्रदान कर दी है।
नगर परिषद ने एक साल पहले एक भव्य कार्यक्रम में 500 परिवारों को पीएम आवास के अधिकार पत्र भी प्रदान कर दिए थे, लेकिन अभी तक पीएम आवास निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ था। 500 में से 215 हितग्राहियों को पीएम आवास के निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में 40 हजार रुपए की राशि इनके खातों में डाली जाएगी। एक सप्ताह के अंदर सभी 215 हितग्राहियों के खातों में प्रथम किश्त की राशि पहुंच जाएगी, इसके बाद इन्हें निर्माण कार्य शुरू करना है। वहीं नगर परिषद ने आवास की द्वितीय सूची भी शासन को स्वीकृति के लिए भेजी है। 158 परिवारों की सूची शासन को स्वीकृति के लिए भेजी गई है।
1 हजार से अधिक हितग्राहियों को पिछले एक साल से पहली किश्त का इंतजार था
नगर के आसपास के गांव में बनकर तैयार हो गए हैं पीएम आवास।
एक साल से था इंतजार
नगरीय क्षेत्र के आवासहीन परिवारों को पीएम आवास के अधिकार पत्र मिल गए थे, लेकिन वो नगर परिषद के चक्कर लगाकर परेशान थे। अभी भी प्रतिदिन लोग आवास की राशि के चक्कर में नगर परिषद कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
कहां कितने बनना है
पीएम आवास के लिए नगर को तीन जोन में बांटा गया है। जेन 1 में वार्ड 1 से 5 है और इसमें 50 पीएम आवास का निर्माण किया जना है। जोन 2 में वार्ड 6 से 10 को शामिल किया गया है। यहां 47 पीएम आवास का निर्माण किया जाना है और सबसे अधिक जोन 3 वार्ड 11 से 15 में 118 पीएम आवास का निर्माण होगा।
पट्टा नहीं होने से आवास से वंचित
हमारे वार्ड में कई कच्चे मकान है, लेकिन पट्टे नहीं होने के कारण कई लोग पीएम आवास योजना से वंचित हैं। पहले समय में पट्टे नहीं होते थे, लेकिन यह परिवार सालों से वार्ड में निवास कर रहे हैं। -फारुख खां, खुरपीपुरा
पीएम आवास की नहीं मिल राशि
एक साल से अधिक समय हो गया, लेकिन अभी तक पीएम आवास की राशि नहीं मिली है। 500 में से आधे लोगों को आवास की राशि दी जानी थी, लेकिन अभी भी आधे लोगों के ही नाम आए हैं। -सुरेश कुमार, अयोध्या बस्ती
प्रथम किश्त की राशि आई
पीएम आवास के पहली लिस्ट के 215 हितग्राहियों की प्रथम किश्त की राशि प्राप्त हो गई है। यह राशि एक सप्ताह में इनके खातों में डाल दी जाएगी। वहीं 158 की लिस्ट शासन को भेजी गई है। जो शीघ्र ही स्वीकृत होने की उम्मीद है। -हरीशंकर वर्मा, सीएमओ नपा