पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • समर्थन मूल्य पर खरीदे गेहूं में परिवहन का खेल किमी बढ़ाने के लिए दूसरी जगह करा रहे स्टाक

समर्थन मूल्य पर खरीदे गेहूं में परिवहन का खेल किमी बढ़ाने के लिए दूसरी जगह करा रहे स्टाक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नसरुल्लागंज में वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के गोदाम के साथ ही कैप गोदाम मौजूद है, इसके बाद भी नसरुल्लागंज का गेहूं इछावर कैप गोदाम में स्टोर किया जा रहा है। वहीं इछावर खरीदी केंद्रों से गेंहूं तकीपुर सीहोर भेजा जा रहा है। यह सब इसलिए किया जा रहा है ताकि परिवहन का ठेका लेने वाले ठेकेदार को नुकसान न हो, चाहे सरकार को लाखों रुपए का चूना लग जाए।

नगर के खेरी रोड पर बने 30 हजार मीट्रिक टन कैप गोदाम में नसरुल्लागंज से आ रहा गेहूं स्टाक किया जा रहा है। 24 घंटे ट्राले नसरुल्लागंज के खरीदी केंद्रों से गेहूं इछावर पहुंचा रहे हैं। वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के प्रभारी के अनुसार कैप गोदाम में 30 हजार टन गेहूं रखने की क्षमता है। अभी तक 20 हजार टन गेहूं का स्टाक हो चुका है और इसमें अधिकतर गेहूं नसरुल्लागंज से आया है। लगभग 4 लाख बोरियों यहां लाई जा चुकी हैं और गेहूं के आने का सिलसिला अभी जारी है।

वहीं इछावर के खरीदी केंद्रों पर जो गेहूं खरीदा जा रहा है उसे तकीपुर सीहोर के गोदामों पर भेजा जा रहा है। नाल और ठेकेदार की मिली भगत से ट्रकों का किराया बढ़ाने के चक्कर में केंद्र से अधिक दूरी पर गेहूं का स्टाक किया जा रहा है ताकि ठेकेदार को फायदा पहुंचे।

खुला भ्रष्टाचार हो रहा है

समाज सेवी लालसिंह मुकाती और किसान सुमेर सिंह ने कहा कि यह खुला भ्रष्टाचार है। इसमें ठेकेदार के साथ ही अधिकारी भी शामिल है। जब नसरुल्लागंज के गोदाम भर जाते तो इन्हें पास के गोदामों में रखा जाता। वहां भी 30 हजार टन का केप गोदाम है, लेकिन किमी बढ़ाने के चक्कर में वहां का गेहूं इछावर में स्टाक किया जा रहा है।

पर्याप्त मात्रा में हैं कैप

नसरुल्लागंज के गेहूं का यहां स्टाक हो रहा है। इछावर के केंद्रों से भी गेहूं आ रहा है। कैप पर्याप्त मात्रा में है। इसलिए चिंता की कोई बात नहीं। -एसएस भार्गव, प्रभारी नान इछावर

इछावर का गेहूं तकीपुर जा रहा है तो यह गलत है

इछावर, रामनगर, आर्या का गेहूं इछावर के केप गोदाम व बारेदीकलां का पांगरा जोड़ के गोदाम व भाऊखेड़ी का भाऊखेड़ी के गोदाम में स्टाक करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर इछावर का गेहूं तकीपुर जा रहा है तो यह गलत है। मैं देखता हूं और व्यवस्था ठीक कराता हूं। आरएस राजपूत, एसडीएम

खबरें और भी हैं...