इंद्रगढ़ में ध्वजा व झंडे जलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
इंदरगढ़. थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपने कार्यकर्ता।
इंद्रगढ़. शहर में शनिवार को बजरंग दल अौर कुछ संगठनों के कार्यकर्ताओं की ओर से थानाप्रभारी कृष्ण गढ़वाल को ज्ञापन दिया गया है। ज्ञापन में बताया कि शहर में मेगा हाईवे पर इंद्राणी नदी के समीप बनी हुई बावड़ी के गणेश मंदिर पर 11 अप्रैल को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की ओर से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर ध्वजा तथा झंडे लगाए गए थे। बाद में अज्ञात लोगों द्वारा 13 अप्रैल को ध्वजा एवं झंडों को जला दिया गया है। इस घटना के बाद से कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। ज्ञापन में शिवदान सागर तालाब के समीप बनी हुई पानी की टंकी पर लगे झंडे हटाने की मांग की। साथ झंडे जलाने वालों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। कार्रवाई नहीं करने पर बजरंग दल एवं संगठनों द्वारा आंदोलन को चेताया। ज्ञापन देने वालों में भाजपा के शहर मंडल अध्यक्ष ललित श्रीमाल, युवा मोर्चा के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सेन, वार्ड पार्षद अनिल सैनी, सुनील सेन, बजरंग दल के संयोजक महेंद्र गुर्जर, खंड संयोजक दिव्य सोनी, कार्यकर्ता विजय आर्य, गोपाल शर्मा, दयाराम गुर्जर, गोपाल सैनी एवं कार्यकर्ता शामिल थे। उधर थानाप्रभारी कृष्ण गढ़वाल का कहना है कि पुलिस के द्वारा झंडा जलाने वाले अज्ञात व्यक्तियों को शीघ्र ही पकड़ा जाएगा। यदि कार्यकर्ताओं को भी कोई सूचना लगे तो पुलिस को बतानी होगी। पुलिस अपने स्तर पर भी ऐसे व्यक्तियों की तलाश कर रही है।