इंद्रगढ़ में भाजपा के 4 पार्षदों का पार्टी से इस्तीफा
इंद्रगढ़| नगर पालिका में भाजपा के 4 पार्षदों ने बुधवार को सामूहिक रूप से पार्टी से अपने त्याग-पत्र शहर मंडल अध्यक्ष ललित श्रीमाल को सौंप दिए गए हैं। पार्टी से इस्तीफा देने वालों में अनिल सैनी, अजय कहार, अशोक वर्मा व सुगन सांभर शामिल हैं। त्याग-पत्र में इन सभी ने आरोप लगाया कि हम वार्ड पार्षद होते हुए भी नगर पालिका में हमारी किसी प्रकार की कोई सुनवाई नहीं होती है। उन्होंने यह भी कहा कि ईओ, पालिका के जेईएन और चेयरमैन द्वारा किसी प्रकार की कोई तवज्जो नहीं दी जाती है। पालिका कार्यालय में भ्रष्टाचार चल रहा है। खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। इन सभी शिकायतों को लेकर ही पार्षदों ने इस्तीफा सौंपा। इधर, मंडल अध्यक्ष श्रीमाल का कहना है कि पार्षदों के त्याग-पत्र तो मिले हैं, लेकिन स्वीकार नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि पहले भाजपा जिलाध्यक्ष को अवगत करवाया जाएगा। उधर, चेयरमैन बृजमोहन गर्ग का कहना है कि त्याग-पत्र सौंपने वाले पार्षद यह भी बताएं कि कौन से काम में कौन-सा भ्रष्टाचार किया गया है। यदि पार्षदों को भ्रष्टाचार नजर आता है तो मैं जांच करवाने को तैयार हूं। चेयरमैन ने यह भी कहा कि एक पार्षद ने पहले भी मुझे दबाव में लेने के कारण इस्तीफा सौंपा था और बाद में वापस भी ले लिया था। चेयरमैन का कहना है कि इस्तीफा देने वाले वार्ड पार्षद मनमाने काम करवाना चाहते हैं। उनकी बात नहीं मानने के कारण ही नाटक हो रहा है। एक वार्ड पार्षद स्वयं ही ठेका लेने की सोच रहा था, नहीं मिलने के कारण आरोप लगा रहे हैं।