रविवार सुबह 9 बजे शुरू होगा पेपर, 7.30 बजे तक स्टूडेंट्स करें रिपोर्ट
सिटी रिपोर्टर | इंदौर
जेईई एडवांस्ड में अब एक ही दिन शेष है। जो यह एग्ज़ाम दे चुके हैं उन स्टूडेंट्स और एक्सपर्ट्स की इस दिन थोड़ी पढ़ाई और थोड़ा आराम भी करें। देर रात तक पढ़ना एग्ज़ाम के दिन आपके लिए मुसीबत का सबब बन सकता है। पर्याप्त नींद लीजिए। एडमिट कार्ड, फोटो आईडी सहित सभी ज़रूरी चीज़ें आज ही तैयार करें। मुमकिन हो तो एग्ज़ाम सेंटर और हॉल की विज़िट करें ताकि एडवांस्ड वाले दिन किसी भी हड़बड़ाहट से बचा जा सके।
दिन का समय स्टूडेंट्स चाहें तो पढ़ाई में बिता सकते हैं। फॉर्मूला रिविज़न, डाउट सॉल्व करने, स्पीड बढ़ाने के प्रयास करें। भूलकर भी नए टॉपिक न पढ़ें, इससे पुरानी तैयारी भी प्रभावित होगी। हार्डकोर स्टडी से बचें। शाम का समय ऐसी एक्टिविटी के लिए रखें जो आपको मेंटली रिलैक्स करने में मदद करे। परिवार के साथ बैठें, बातें करें। कॉमेडी शो देखें या पसंदीदा गाने सुनें। एक लंबी वॉक भी मददगार रहेगी। खाना घर का ही खाएं। ज्यादा ठंडा पानी न पिएं और बाहर कुछ भी खाने से बचें। यदि संभव हो तो स्टूडेंट्स एक बार एग्ज़ाम सेंटर विज़िट करें। पेरेंट्स के साथ वहां जाएं, संभव हो तो इजाज़त लेकर सीटिंग अरेंजमेंट भी देखें। एक दिन पहले की गई विज़िट, परीक्षा के दिन सुबह आपको गैरज़रूरी हड़बड़ाहट से बचाएगी। पालक भी इस बात का ध्यान रखें। बच्चों को समय पर सोने के लिए कहें और सुबह पर्याप्त समय से पहले एग्ज़ाम सेंटर पर खुद छोड़ने जाएं। परीक्षा के समय सेंटर के पास ही मौजूद रहने का प्रयास करें। दोनों परीक्षाओं के बीच उन्हें हेल्दी और लाइट डाइट दें। थोड़ा समय आराम के लिए भी रहने दें।
जेईई एडवांस्ड के लिए ऑर्गनाइज़िंग बॉडी ने कई सख्त नियम भी लागू किए हैं। उनका विशेष तौर पर ध्यान रखें। फुल स्लीव्स न पहनें। आधी आस्तीन के शर्ट या टीशर्ट पहनें। रंग भी गहरा न हो। एडमिट कार्ड के साथ एक फोटो आइडेंटिटी कार्ड भी रखें। जूतों नहीं, सलीपर्स या फ्लोटर्स पहनें।