इंदौर | आईआईटी में एडमिशन के लिए रविवार को शहर में जेईई एडवांस्ड होगी। पहली बार पूरी तरह से कम्प्यूटर पर होने वाली इस परीक्षा के लिए स्टूडेंट्स को सुबह 7.30 बजे एग्ज़ाम सेंटर्स पर पहुंचना होगा। पहला पेपर सुबह 9 बजे और दूसरा पेपर दोपहर 2 बजे से होगा। आॅर्गनाइज़िंग बाॅडी द्वारा एग्ज़ाम के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा में किसी भी गड़बड़ से बचने के लिए स्टूडेंट्स को इन नियमों का पालन करना चाहिए।
रफ पेपर की जानकारी पहले ही ले लें : हाॅल में प्रतिबंधित चीज़ों में काॅपी, किताब, टोपी, सिर को ढंकने वाले कपडे यानी हुडी, काला चश्मा, कम्पास बाॅक्स, स्मार्ट वाॅच, मोबाइल, केल्कुलेटर, फिटबिट पर्स, लड़कियों के उपयोग में लाए जाने वाले पर्सनुमा पाउच और क्लच भी प्रतिबंधित रहेंगे। एक्सपर्ट भूपेंद्र भावसार के अनुसार चूंकि टेस्ट पूरी तरह कम्प्यूटर बेस्ड है और स्क्रिन पर टाइमर रहता है इसलिए स्टूडेंट्स को किसी भी प्रकार की घड़ी नहीं ले जाना चाहिए। हाॅल में प्रवेश के बाद स्टूडेंट्स को इंविजिलेटर से ये ज़रूर पूछना चाहिए कि उन्हें रफ पेपर कितनी संख्या में दिए जाएंगे। यदि वो संख्या आपको पर्याप्त ना लगे तो क्या और पेपर उपलब्ध करवाए जाएंगे या उन्हीं में काम चलाना होागा। सीमित संख्या होने की स्थिति में पेपर का उपयोग संभल कर करना चाहिए वर्ना आखरी के सवालों में मुसीबत आ सकती है।