सुभाष नगर से भंडारी मिल ब्रिज सड़क पर बने कुलकर्णी भट्टा पुल के दिन फिरने वाले हैं। 6 लेन चौड़ी इस सड़क की तरह अब इसका पुल भी 6 लेन होगा। इससे यहां यातायात सुगम हो सकेगा। नगर निगम के अफसरों के मुताबिक कुलकर्णी भट्टे का मौजूदा पुल 70-80 साल पुराना है।
यह अपनी उम्र पूरी कर चुका है। 5-10 साल में यह गिर भी सकता है। भंडारी मिल ब्रिज से सुभाष नगर जाने वाली सड़क 6 लेन है, लेकिन इस पर बना पुल काफी संकरा है। इसकी चौड़ाई महज 25 फीट है। इस कारण यहां वाहन रेंगते हुए निकलते हैं। आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इसलिए निगम यहां 120 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा ब्रिज बनाएगा।
सुधारी जाएगी रोड की डिजाइन
ब्रिज के पास सुभाष नगर की ओर जाने वाली सड़क टेड़ी-मेढ़ी है। ट्रैफिक रुक-रुककर आगे बढ़ता है। इससे भी यहां जाम की नौबत आती है। नगर निगम के अफसरों के मुताबिक ब्रिज निर्माण के साथ ही इस हिस्से का कर्वेचर भी ठीक किया जाएगा, ताकि वाहन सीधे गुजर सकें।
कुलकर्णी भट्टे का मौजूदा पुल। फिलहाल यह टू-लेन ब्रिज है। इसकी चौड़ाई बेहद कम होने से ट्रैफिक रूक-रूक कर चलता है। शाम को अकसर जाम की नौबत आती है।
फुटपाथ और सेंट्रल लाइटिंग भी
पुल पर 2.0 मीटर के डिवाइडर बनेंगे। दोनों ओर 2.5 मीटर चौड़ा फुटपाथ भी बनाया जाएगा। ब्रिज पर रात में अंधेरा नहीं रहे, इसलिए सेंट्रल लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
हटाना होगी नर्मदा की लाइन
कुलकर्णी भट्टा के मौजूदा पुल के ऊपर से 400 एमएम की नर्मदा लाइन जा रही है। नए पुल का निर्माण शुरू करने से पहले लाइन शिफ्ट की जाएगी। पुल से कुछ दूरी पर सीमेंट के पिलर खड़े किए जाएंगे। पाइप लाइन उस पर फिट की जाएगी।
पुल बनाने में लगेंगे 16 महीने
अनूप गोयल, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, नगर निगम
कुलकर्णी भट्टे का पुल नए सिरे से बनेगा। वर्क ऑर्डर जारी हो गया है। पहले नर्मदा की लाइन शिफ्ट होगी। फिर पुल पाइल फाउंडेशन पर खड़ा होगा। इसे बनाने में 16 महीने लगेंगे। पुल अगले साल जून तक तैयार हो जाएगा। नया पुल चौड़ा होगा। इससे जाम की समस्या खत्म होगी।