किंग्स इलेवन पंजाब फ्रेंचाइजी और पुलिस व प्रशासन के बीच टिकट को लेकर उठे विवाद का असर अब एमपीसीए (मप्र क्रिकेट एसोसिएशन) पर दिखने लगा है। एसोसिएशन की शनिवार रात हुई बैठक के दौरान संस्था के पदाधिकारियों और सीनियर सदस्यों के बीच इसे लेकर अनौपचारिक चर्चा हुई कि यदि टिकट को लेकर इसी तरह का विवाद नवंबर में होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के इंटरनेशनल वनडे मैच के दौरान उठा तो क्या होगा? किंग्स इलेवन के जाने के बाद से ही एमपीसीए के अंदर लगातार वनडे इंटरनेशनल मैच को लेकर चर्चा शुरू हो गई है और पदाधिकारी तनाव में चल रहे हैं।
टिकट को लेकर वनडे मैच में भी एमपीसीए पर दबाव रहता है क्या? जब यह सवाल भास्कर ने सचिव मिलिंद कनमड़ीकर से किया तो उनका जवाब था कि मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगा। हालांकि उन्होंने यह कहा कि अभी वनडे मैच दूर है, इस बारे में विचार नहीं कर रहे हैं, लेकिन टिकट को लेकर आने वाले दबाव के सवाल पर उनकी चुप्पी ही काफी कुछ बयान कर रही है।