भीड़ वाले क्षेत्रों व पार्किंग से दोपहिया वाहन चुराकर कम दाम में शहर के बाहर बेचने वाले तीन बदमाशों को क्राइम ब्रांच और जूनी इंदौर ने गिरफ्तार किया। उनसे चुराई गईं 18 बाइक भी जब्त की जिनकी कीमत करीब 10 लाख बताई जा रही।
एएसपी क्राइम ब्रांच अमरेंद्रसिंह चौहान ने बताया चोरी हुए कुछ दोपहिया वाहन के सीसीटीवी फुटेज देखे तो उनमें राकेश पिता गुलाब नायक निवासी राजरानी नगर के हुलिए का व्यक्ति नजर आ रहा था। इस पर टीम ने उस पर निगरानी रखी। जांच में पता चला कि वह फूटी कोठी के पास पंक्चर की दुकान पर काम करता था। उसके बाद बाईग्राम शनि मंदिर के पास चाय-नाश्ते की दुकान लगाने लगा, लेकिन वहां बहुत कम बैठता था। वह दो साथियों धर्मेंद्र पिता प्रहलाद प्रजापत निवासी प्रजापत नगर और सहदेव उर्फ देवा पिता वासुदेव सालुके निवासी नारायणपुरा (धार) के साथ बाइक पर जूनी इंदौर से जा रहा था, तो पुलिस ने उसे रोका और गाड़ियों के दस्तावेज मांगे तो नहीं मिले। शक होने पर उसे थाने लाकर पूछताछ की तो उन्होंने चोरी की बात कबूली।