देश में पहली बार रविवार को लगेगी नेशनल लोक अदालत
देश में पहली बार रविवार को 22 अप्रैल को नेशनल लोक अदालत लगेगी। अब तक नेशनल लोक अदालत माह के दूसरे शनिवार को लगती है। इस बार भी 14 अप्रैल को नेशनल लोक अदालत होना थी, लेकिन उस दिन आंबेडकर जयंती का अवकाश होने के कारण से 22 अप्रैल को लगेगी। हाई कोर्ट की इंदौर बेंच में प्रशासनिक न्यायमूर्ति पीके जायसवाल के आदेश पर क्लेम प्रकरणों के निराकरण और समझौते के लिए 19 व 20 अप्रैल को हाई कोर्ट के कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक होगी। हाई कोर्ट विधिक सेवा समिति इंदौर के अवर सचिव अरुण प्रधान के मुताबिक लोक अदालत में समझौते के आधार पर क्लेम व अन्य केस का निराकरण किया जाएगा। बिजली कंपनी इंदौर के अतिरिक्त अधीक्षण यंत्री ध्रुवनारायण शर्मा के मुताबिक जिला कोर्ट में नेशनल लोक अदालत में बिजली चोरी के केस में असेसमेंट ऑर्डर (आकलन के बाद दर्शाई गई राशि) में 40% छूट दी जाएगी।