जेंट्स पार्लर पर 10 हजार की रिश्वत लेते पकड़ाया सरपंच
शहर से लगे बरलई ग्राम पंचायत (शिप्रा के पास) के सरपंच को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते बुधवार को लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ा। उसने गांव में एक मकान का चढ़ाव और गैलरी को अतिक्रमण बताकर तोड़ने को कहा था। इसे बचाने के बदले में रिश्वत मांगी थी। फरियादी जब रिश्वत देने पहुंचा तब आरोपी सरपंच जेंट्स पार्लर पर शेविंग कराने गया था और उसने फरियादी को वहीं पैसे लेकर बुलवा लिया था। जैसे ही उसने पैसे लिए, तभी लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी के मुताबिक आरोपी सरपंच का नाम विनोद चौहान (27) निवासी बरलई है। आरोपी वर्ष 2015 में सरपंच बना था। उसे गांव के ही निवासी राजेश बागरी की शिकायत पर लोकायुक्त डीएसपी प्रवीण सिंह बघेल की टीम ने रंगेहाथ पकड़ा। बाद में रुपए के साथ आरोपी की पेंट उतरवा कर जब्त की।
विनोद चौहान
तोड़ने के लिए मना किया तो की 20 हजार रुपए की डिमांड
राजेश की 10 बाय 10 वर्गफीट की दुकान डेढ़ साल पहले अतिक्रमण में होने से पंचायत ने तोड़ दी थी। हाल ही सरपंच ने उसे कहा था कि उसके मकान की गैलरी और चढ़ाव भी अतिक्रमण में है। उसे तोड़ा जाएगा। फरियादी ने उससे आग्रह किया कि वह ऐसा नहीं करें। इसके बदले सरपंच ने 20 हजार रुपए मांगे थे। बाद में 10 हजार में सौदा तय हो गया। इसकी शिकायत फरियादी ने लोकायुक्त एसपी सोनी से की थी।
बोला- दाढ़ी बनवा रहा हूं यहीं पैसे लेकर आ जाओ
शिकायत के बाद लोकायुक्त पुलिस की योजना अनुसार फरियादी ने आरोपी सरपंच को फोन करके कहा कि वह पैसे लेकर आ गया है। इस पर सरपंच ने कहा कि वह गांव में ही सैलून पर दाढ़ी बनवा रहा है। पैसे लेकर वहीं पर आ जाओ। जब तक फरियादी दुकान पर पहुंचा तो वह दाढ़ी बनवा चुका था। वह दुकान पर इंतजार कर रहा था। जैसे ही उसने पैसे लिए तो लोकायुक्त की टीम ने उसे दबोच लिया।