कॉलेज में नहीं हो रही पढ़ाई, 148 एमबीबीएस के छात्र धरने पर बैठे
कनाड़िया स्थित माॅडर्न मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने मंगलवार से रीगल तिराहे पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। नियमित कक्षाएं नहीं लगने से परेशान छात्र कई बार प्रबंधन को समस्या बता चुके हैं। वहीं प्रबंधन यह कहकर पल्ला झाड़ रहा है कि हम कॉलेज नहीं चला पा रहे हैं। तुमने यहां प्रवेश क्यों लिया? अब भविष्य पर संकट को देखते हुए वे कभी जनप्रतिनिधियों से मिल रहे हैं तो कभी सीएम के सामने गुहार लगा रहे हैं। एबीवीपी के नेतृत्व में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।
छात्र सौरभ रामटेके ने बताया कि सेकंड इयर में 148 छात्र हैं। हर छात्र 10-10 लाख रुपए फीस जमा करवा चुका है, लेकिन नियमित कक्षा नहीं लग रही। चेयरमैन का कहना है कि हमारे पास बजट नहीं है। टीचर्स को 14 महीने से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने पढ़ाने से मना कर दिया है। बात हमारी डिग्री पर आ गई है। हमसे दो महीने पहले फीस मांगी गई। हमने वह भी दे दी। छह माह हो गए। पढ़ाई ही नहीं हो रही है। बात करने जाओ तो कहते हैं कि आपने यह कॉलेज क्यों लिया। रिंक पाटीदार ने बताया कि कॉलेज में प्रैक्टिकल लैब नहीं है।