जो विषय लेना चाहता था पिता ने मना किया तो लगा ली फांसी
कुमावतपुरा में 14 वर्षीय छात्र ने फांसी लगा ली। बताया जाता है कि 10वीं के बाद 11वीं कक्षा में विषय चुनने की बात पर उसका माता-पिता से विवाद हो गया था।
रावजी बाजार थाना एसआई प्रतीक शर्मा ने बताया मोटर पंप व्यापारी जयेश परमार के बेटे अक्षत परमार ने सोमवार देर रात घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में जाकर रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन से मिली जानकारी के मुताबिक अक्षत दसवीं कक्षा की परीक्षा दे चुका था। वह 11वीं कक्षा के लिए जो विषय लेना चाहता था, वह लेने से पिता ने मना कर दिया था। बस इसी बात पर तनाव में आकर उसने ये कदम उठा लिया। एसआई शर्मा ने बताया कि ये बात परिवार के कुछ लोगों ने घटना के बाद कही है। हालांकि अभी मृतक के पिता व अन्य परिजन के बयान नहीं हुए हैं, बयानों के बाद ही आत्महत्या का कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस के मुताबिक आत्महत्या करने का मुख्य कारण माता-पिता से मनचाहा विषय लेने का विवाद हो, ये पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।