दूसरों को मिले रोशनी, इसलिए हर व्यक्ति ले नेत्रदान का संकल्प : झंवर
इंदौर| दृष्टि ईश्वर की अनमोल धरोहर है। जो इससे वंचित हैं उन तक रोशनी पहुंचाना सच्ची मानवीयता है। मरणोपरांत एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो लोगों को रोशनी मिलती है। इसलिए नेत्रदान करना चाहिए और अन्य लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। सभी व्यक्तियों को नेत्रदान का संकल्प लेना चाहिए।
यह बात भारत विकास परिषद के नए सत्र के पदाधिकारियों के शपथ विधि समारोह में उमा झंवर ने मुख्य अतिथि के रूप में कही। अध्यक्षता उद्योगपति और आईटी एक्सपर्ट जय जैन ने की। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार साबू ने भी संबोधित किया। प्रांतीय अध्यक्ष रजनीश चौरड़िया ने नवीन पदाधिकारियों को शपथ दिलवाई। इस मौके पर निवृत्तमान अध्यक्ष मनीष बिसानी, किरण ज्योति जैन, अक्षत झंवर मौजूद थे।