इंदौर| पूरे देश में इंदौर रीजन में साल 2017-18 के दौरान सबसे अधिक राजस्व विकास दर (34 फीसदी) हासिल की गई। इसके लिए सीए एसोसिएशन, व्यापारिक संगठन अहिल्या चेंबर, टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन और एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्री मप्र सभी ने संयुक्त रूप से सीए भवन में मुख्य आयकर आयुक्त अजय कुमार चौहान का सम्मान समारोह रखा था। समारोह में आयकर विभाग द्वारा की गई सख्ती को लेकर व्यापारिक संगठनों की पीड़ा बाहर आ गई। अहिल्या चेंबर के प्रमुख रमेश खंडेलवाल ने मंच से कहा- नींबू को निचोड़ने से ही रस निकलता है और ऐसा इस बार करदाताओं ने भी महसूस किया। हालांकि विभाग ने काफी जागरूकता भी पैदा की। बाद में चौहान ने मंच से जवाब देते हुए कहा टैक्स नहीं जमा करने वाले अपराधियों को हम खुला नहीं छोड़ सकते, उन्हें जेल में जाना ही होगा, इसलिए हमने इनके खिलाफ केस दायर किए और तीन लोगों को जेल भी पहुंचाया।