पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हड़ताल : एमवायएच से बगैर इलाज लौटे मरीज, बसों के यात्री हुए परेशान

हड़ताल : एमवायएच से बगैर इलाज लौटे मरीज, बसों के यात्री हुए परेशान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सरवटे, तीन इमली, जिंसी बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से चलने वाली बसें सुबह से दोपहर तक बंद रहीं। शाम के बाद कुछ बसें अलग-अलग मार्गों पर शुरू हुईं। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए परिवहन उपायुक्त और आरटीओ ने बस संचालकों से चर्चा की, लेकिन बस संचालकों का कहना था कि वे तीन साल से किराया बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं, इसके बाद भी शासन ने सिर्फ 10 प्रतिशत किराया बढ़ाने की घोषणा की जो पर्याप्त नहीं है। परिवहन आयुक्त से फोन पर चर्चा के बाद शाम को बस संचालकों ने हड़ताल खत्म कर दी। सरवटे बस स्टैंड के मैनेजर दिनेश पटेल ने बताया कि शाम को सभी रूट्स की बसें तय समय पर संचालित होना शुरू हो गई थीं। इससे यात्रियों को राहत रही।

संचालकों ने 40 फीसदी किराया बढ़ाने की थी मांग

बस संचालकों का तर्क है कि 2015 के बाद से बसों का किराया नहीं बढ़ाया गया है, जबकि तब से अब तक डीजल के दामों में 15 रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी हो गई है। नियमानुसार से शासन को डीजल के दामों में पांच रुपए का अंतर होने पर ही किराया बढ़ाना चाहिए। इसी बात पर बस संचालकों द्वारा सोमवार से संभाग स्तरीय हड़ताल की घोषणा की थी। इस पर शासन ने रविवार को ही बसों के किराए में 10 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की, जबकि 40 फीसदी किराया बढ़ाने की मांग की थी। इसी कारण हड़ताल की। हालांकि गंगवाल बस स्टैंड से चलने वाली बसें इस हड़ताल में शामिल नहीं हुई, वहीं एआईसीटीएसएल की बसें और अन्य निजी ट्रेवल्स की बसें भी चलती रहीं।

सरवटे बस स्टैंड पर बस संचालकों ने हड़ताल का बैनर लगा रखा था।

हर घटना पर एफआईआर के आश्वासन के बाद माने जूनियर डॉक्टर, खत्म की हड़ताल

एमवायएच में शुक्रवार रात जूनियर डॉक्टर और मरीज के परिजन के बीच हाथापाई के बाद शुरू हुई हड़ताल सोमवार दोपहर को खत्म हो गई। अस्पताल प्रबंधन द्वारा जूनियर डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने के बाद जूनियर डॉक्टर माने। लिखित में भी आश्वासन दिया कि अगर अब से उनके साथ मारपीट या किसी भी तरह की अन्य घटना होती है तो अस्पताल प्रबंधन खुद शिकायत या जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज करवाएंगे। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कृपाशंकर तिवारी ने कहा कि सुरक्षा को लेकर प्रबंधन ने ठोस बाते कहीं हैं। गार्ड की संख्या बढ़ाने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी सहमति बनी है, इसलिए हमने हड़ताल वापस ले ली।

इधर तीसरे दिन भी 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों की हड़ताल जारी

एम्बुलेंस 108 के कर्मचारियों की शनिवार रात से शुरू हुई हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। हालांकि कंपनी ने दूसरे दिन कुछ एंबुलेंस दूसरे ड्राइवर के जरिये चलवाई गई। लेकिन बिना मेडिकल स्टाफ के गंभीर मरीजों को लाने ले जाने में भारी परेशानी हुई। कुल 16 एंबुलेंस इंदौर जिले में चलती हैं, लेकिन ज्यादातर थानों में खड़ी रहीं। दरअसल डेढ़ साल पहले ही नई कंपनी को ठेका दिया गया था। तब से अब तक 9 बार स्टाफ हड़ताल पर जा चुका है। इस बार कर्मचारियों की मांग यह है कि होल्ड पर रखे गए स्टाफ काे काम पर बुलाया जाए। एंबुलेंस कर्मचारी यूसुफ शाह ने बताया हमारी मांगे पूरी नहीं होने तक काम पर नहीं लौटेंगे। इधर, सीएमएचओ डॉ. एच.एन. नायक ने कहा कि हड़ताल के कारण अगर एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर किसी तरह की घटना होती है जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की रहेगी। जिम्मेदारों को चेतावनी भी दे दी है।

24 को मंडियों में हम्माल संगठनों की हड़ताल

शहर की मंडियों में 24 मई को हम्माल हड़ताल करेंगे। यह 50 किलो से ज्यादा की बोरियां उठवाने के खिलाफ भारतीय मजदूर संघ इंदौर के आह्वान पर की जा रही है। संघ के राजू प्रजापति ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय श्रम मानक के आधार पर 50 किलो से अधिक वजन नहीं उठवाया जा सकता है। इसे लेकर मप्र राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक ने 6 मई 2017 को प्रदेश की सभी मंडियों के लिए मंडी समितियों को आदेश जारी किया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। इससे हम्मालों को मजबूरन ज्यादा वजन उठाना पड़ रहा है जो उनके स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक हो रहा है। इसे लेकर 22 मई को हम्माल मंडी समितियों को ज्ञापन देंगे।

वनरक्षक कल से बेमियादी हड़ताल पर

प्रदेश के जंगलों में तैनात वनरक्षक 23 मई की रात 12 बजे से बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसके चलते जंगल 24 मई से अफसरों के हवाले हो जाएंगे। इन दिनों प्रदेश में तेंदुपत्ता संग्रहण का दौर चल रहा है, ऐसे में हड़ताल से यह काम प्रभावित हो सकता है। वन कर्मचारी संघ के उप प्रांताध्यक्ष प्रकाश वाजपेयी, संभागीय अध्यक्ष अंतरसिंह बैस के मुताबिक संघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री, वन मंत्री से मिला था। मांगों के संबंध में कोई ठोस बात नहीं हुई और हड़ताल वापस लेने के लिए कह दिया गया। इस पर संघ ने तय किया है कि अब बेमियादी हड़ताल की जाएगी।

कल परिवहन आयुक्त से मिलेंगे बस संचालक

यात्रियों की परेशानी को देखते हुए दोपहर में परिवहन उपायुक्त संजय सोनी और उन्होंने बस संचालकों से रेसिडेंसी पर चर्चा की। इसमें बस ओनर्स एसो. इंदौर संभाग के अध्यक्ष ब्रजमोहन राठी, प्राइम रूट बस ओनर्स एसो. के अध्यक्ष गोविंद शर्मा सहित अन्य संचालक मौजूद थे। अधिकारियों ने परिवहन आयुक्त डॉ शैलेंद्र श्रीवास्तव से फोन पर इनकी बात करवाई। उन्होंने कहा कि यदि इतनी किराए वृद्धि से वे संतुष्ट नहीं हैं तो बुधवार को भोपाल में आकर मिलें और प्रस्ताव दें।

खबरें और भी हैं...