इंदौर | द्वारकापुरी थाने के नए भवन का निर्माण निजी संस्था की जमीन पर करने के मामले में बीच का रास्ता निकालने की कोशिशें शुरू हुई हैं। संस्था सदस्यों ने जमीन वापस दिलवाने के लिए महापौर मालिनी गौड़ से मुलाकात की। इधर, पूरा मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने फिलहाल काम रुकवा दिया है।
इस मामले का खुलासा भास्कर ने किया था। उसके बाद संस्था सदस्यों के आग्रह पर महापौर ने एडीजी अजय शर्मा से बात की। इस मामले में सबसे बड़ा पेंच यह फंसा है कि जमीन आवंटित प्रशासन ने की, निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी है और काम पुलिस विभाग करवा रहा है। जमीन से जुड़ी मंजूरियां निगम और टीएंडसीपी के स्तर पर हुई। ऐसे में कई विभागों के शामिल रहने से मामला ज्यादा उलझ गया। डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र के मुताबिक, निर्माण प्रशासन की गलती से हुआ है। पीडब्ल्यूडी ने काफी काम कर दिया है। इसमें पैसा भी लग चुका है। ऐसे में हमने दूसरी जमीन देने के लिए कहा है। कुछ मुआवजा भी देने की बात की है, कलेक्टर से चर्चा के बाद हल निकालेंगे।