विदेशी बैंक आईएमईआई नंबर पर दे रहे पेमेंट वॉलेट की सुविधा : साइबर सेल
क्रेडिट कार्ड का डेटा चुराकर ऑन लाइन ठगी करने का मामला सामने आने के बाद जिला साइबर सेल ने भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारियों को एक पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि कई विदेशी बैंक सिर्फ मोबाइल के आईएमईआई नंबर पर लोगों को पेमेंट वॉलेट की सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे कोई भी फर्जीवाड़ा कर सकता है। जिला साइबर सेल के एसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि इंदौर के सब्जी व्यवसायी आनंद देवलिया के साथ इसी तरह की वारदात हुई थी। झारखंड के 19 वर्षीय दीपक कुमार नामक युवक ने आनंद के क्रेडिट कार्ड की जानकारी चुराकर उनके खाते से 50 हजार रुपए का ट्रांजैक्शन किया था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह सिंगापुर के डीबीएस बैंक का एप और इंग्लैंड (यूके ) के एंट्रॉपी एप के जरिए ठगी का पैसा ट्रांसफर कराता है। जब आरोपी के बैंक वॉलेट की जानकारी प्राप्त की गई तो पता चला कि ये बैंक नाम-पते के साथ सिर्फ मोबाइल के आईएमईआई नंबर पर ही पेमेंट वॉलेट की सुविधा देकर अकाउंट्स खोल रहे हैं। कई अवैध कारोबार करने वाले ऐसे ही बैंक के ग्राहक बनकर देश के रुपयों का अवैध ट्रांजैक्शन कर रहे हैं। इसलिए हमने सभी प्रमुख जांच एजेंसियों के साथ आरबीआई को भी पत्र लिखकर इनकी जानकारी भेजी है।