समाधान योजना के लिए किसानों से डोर टू डोर संपर्क करें सभी अधिकारी
राज्य सहकारिता आयुक्त ने किसानों तक शासन की योजनाएं पहुंचाने के लिए डोर टू डोर संपर्क करने और योजनाओं के प्रचार के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सहकारिता आयुक्त रेणु पंत ने इंदौर सहित प्रदेश के सभी विभागीय अफसरों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन ने समाधान योजना लागू की है, जिसके तहत किसानों को कृषि लोन आदि दिया जाना है। सभी अफसर और कर्मचारी इस योजना के प्रचार-प्रसार के लिए किसानों से डोर टू डोर व्यक्तिगत संपर्क करें। आदेश में यह भी कहा गया कि मोबाइल, एसएमएस, वाट्सएेप के जरिए भी किसानों को जानकारी दी जाए। आदेश में कहा गया कि सभी उपार्जन केंद्रों, सहकारी संस्थाओं और शासकीय कार्यालयों में योजना की जानकारी के साथ पोस्टर्स आदि लगाए जाएं। आयुक्त ने आदेश में खासतौर से निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में विभाग के उपायुक्त, सहायक आयुक्त, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के सीईओ की जवाबदारी रहेगी।