पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कई कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक ही नहीं, हिंदी अंग्रेजी, आर्ट में ज्यादा पद खाली

कई कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक ही नहीं, हिंदी-अंग्रेजी, आर्ट में ज्यादा पद खाली

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग जून में सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। करीब 450 नए पदों के साथ कुल 3 हजार 422 पद भरे जाएंगे।

इन नियुक्तियों से प्रदेश के 457 सरकारी कॉलेजों में न केवल खाली पद भर जाएंगे, बल्कि पढ़ाई का स्तर सुधरेगा और नैक की ग्रेडिंग में भी सरकारी कॉलेजों को मदद मिलेगी, क्योंकि स्थायी फैकल्टी की नियुक्ति सबसे अहम मानी जाती है।

3000 से ज्यादा पद और खाली रहेंगे

फिलहाल, 30 से ज्यादा सरकारी कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के 95 फीसदी पद खाली हैं। इतना ही नहीं, कला संकाय में 80 फीसदी पद खाली हैं। इसमें हिस्ट्री, हिंदी, संस्कृत, उर्दू के साथ ही अंग्रेजी और कॉमर्स विषय के भी बड़ी संख्या में पद खाली हैं। हालांकि इन नियुक्ति के बाद भी 3000 से ज्यादा पद और खाली रहेंगे। कई छोटे कॉलेजों में तो अभी सहायक प्राध्यापक के पद पर एक-दो या एक भी स्थायी नियुक्ति नहीं है।

18 सौ से ज्यादा कॉमर्स के पद खाली प्रदेशभर में।

01 हजार से ज्यादा हिंदी-अंग्रेजी और उर्दू सहित अन्य भाषा के पद खाली।

08 सौ पद खाली हैं कला संकाय में इतिहास, राजनीतिक शास्त्र, समाज शास्त्र सहित पांच विषयों के।

फेकल्टी की कमी और कक्षाएं नहीं लगने पर मॉडर्न डेंटल कॉलेज में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी
मॉडर्न डेंटल कॉलेज में फेकल्टी की कमी और नियमित कक्षाएं नहीं लगने को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। बीते हफ्तेभर से एबीवीपी के नेतृत्व में छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कॉलेज प्रबंधन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस दौरान रीगल तिराहे पर भी प्रदर्शन किया गया। एबीवीपी के वीरेंद्र सोलंकी ने बताया कि छात्रों का भविष्य अधर में है, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है।

इंदौर को ही चाहिए 200 से ज्यादा

इंदौर के ही दर्जनभर सरकारी कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के 200 से ज्यादा पद खाली हैं। संभावना है कि इनमें से जिन कॉलेजों में ज्यादा कमी हैं, वहां पद दिए जाएंगे। यह जानकारी भी सामने आई है कि हर कॉलेज में चार से पांच सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति की जाएगी।

परीक्षा के बाद तीन-चार माह का समय

यह बात सामने आई है कि एमपी पीएससी द्वारा सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा के बाद चार माह का समय रिजल्ट- इंटरव्यू की प्रक्रिया में लगेगा। ऐसे में 30 अक्टूबर तक यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। हालांकि उच्च शिक्षा विभाग ने पीएससी को सितंबर तक प्रक्रिया पूरी करने को कहा है।

कल से फिर खुलेगी आवेदन की लिंक

ऑनलाइन आवेदन की लिंक सोमवार से दोबारा खुलेगी। पीएससी सचिव पवन कुमार शर्मा का कहना है कि 30 अप्रैल तक आवेदन होंगे। जो आवेदक पिछली प्रक्रिया में आवेदन कर चुके हैं। उन्हें दोबारा आवेदन नहीं करना है। 20 अप्रैल से 2 मई तक आवेदन में त्रुटि सुधार हो सकेगा।

खबरें और भी हैं...