जयहिंद ने चिट्ठी जारी कर सहयोग पैनल को दी इल्वा में चुनाव की चुनौती
करीब एक साल से इंदौर लोहा व्यापारी एसोसिएशन (इल्वा) में चुनाव अटके हुए हैं। इसकी वजह संस्थान के सत्ताधारी पैनल सहयोग और विरोधी पैनल जयहिंद में चल रहा विवाद है। इस बीच एक बार फिर से नए-नए पत्र बाजार में आना शुरू हो गए हैं। दो दिन पहले सहयोग पैनल से जारी पत्र के जवाब में अब जयहिंद पैनल ने बाजार में एक पत्र जारी किया है, जिसमें चुनाव की चुनौती दी गई है। इसमें कहा गया है कि सत्ताधारी पैनल अवैधानिक रूप से कुर्सी पर है। उनके कामों के चलते संस्था की गरिमा गिर रही है।
यदि चुनाव करा लें तो दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। लगातार वित्तीय अनियमितताएं की जा रही हैं। एक के बाद एक घोटाले सामने आ रहे हैं। वहीं सहयोग पैनल का कहना है कि चुनाव केवल जयहिंद पैनल के समर्थकों द्वारा लगाई गई कानूनी अड़चनों के कारण नहीं हो पा रहे हैं। सोसायटी मंजूरी दे तो चुनाव की रुकावट ही दूर हो जाए। रही बात घोटाले की तो यह केवल विरोधियों के मन का ख्याल है। आज तक कोई भी वित्तीय अनियमितता नहीं हुई है। सभी खर्च के ऑडिट हुए हैं।