- Hindi News
- National
- शाजापुर में किसान सम्मेलन के लिए 300 बसें अधिग्रहित, यात्री हो सकते हैं परेशान
शाजापुर में किसान सम्मेलन के लिए 300 बसें अधिग्रहित, यात्री हो सकते हैं परेशान
इंदौर से आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को रविवार और सोमवार को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसका कारण शाजापुर में सोमवार को होने वाला किसान सम्मेलन है, जिसके लिए 300 यात्री बसों का अधिग्रहण किया गया है। ये बसें इंदौर से आसपास के प्रमुख क्षेत्रों के बीच संचालित होती हैं और अधिग्रहित किए जाने के कारण दो दिन इनका संचालन बंद रहेगा। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जिन मार्गों पर ज्यादा बसें हैं, वहां से कुछ बस ली गई हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को शाजापुर में राज्य शासन द्वारा किसान सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी शामिल होंगे। सम्मेलन में किसानों को ले जाने के लिए शासन के आदेश पर परिवहन विभाग ने इंदौर से 300 बसों का अधिग्रहण किया है। आरटीओ जितेंद्र रघुवंशी ने बताया कि इन बसों में से 60 बसें इंदौर से किसानों को लेकर जाएंगी, वहीं 240 बसें खाली शुजालपुर जाएंगी जो शाजापुर के आसपास के क्षेत्रों से किसानों को कार्यक्रम स्थल तक लाने-ले जाने का काम करेंगी। इन सभी बसों को सोमवार शाम के बाद लौटा दिया जाएगा।
इन मार्गों पर आ सकती है दिक्कत
इंदौर से महू, उज्जैन, देवास, धार, मक्सी, बड़वानी, धामनोद, झाबुआ, आलीराजपुर सहित अन्य मार्गों की बसें अधिग्रहित की गई हैं। इन मार्गों पर बसें कम होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बकाया नहीं मिला, संचालक असमंजस में
प्राइम रूट बस ऑनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने बताया कि बस संचालकों को पिछले एक साल में अलग-अलग कार्यक्रमों में भेजी गई बसों का अधिकांश भुगतान नहीं मिला है, इसे लेकर बस संचालक असमंजस में हैं कि बसें दें या नहीं। शासन की ओर से आश्वासन दिया गया था कि शनिवार शाम तक करीब 10 हजार रुपए हर बस मालिक के खाते में डाल दिए जाएंगे, लेकिन राशि नहीं आई।