- Hindi News
- National
- आमिर खेरानी से बना राजेश अग्रवाल, फर्जी पासपोर्ट के जरिए अमेरिका में ली नागरिकता
आमिर खेरानी से बना राजेश अग्रवाल, फर्जी पासपोर्ट के जरिए अमेरिका में ली नागरिकता
फर्जी पासपोर्ट पर अमेरिका से इंदौर आए 58 साल के व्यक्ति आमिर खेरानी को लेकर अहम जानकारियां मिली हैं। आरोपी राजेश अग्रवाल बनकर 20 साल से अमेरिका में रह रहा था। उसने वहां की नागरिकता भी हासिल कर ली थी। इसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए फर्जी पासपोर्ट हैदराबाद से बनवाया था। इस पासपोर्ट पर वह कई देशों की यात्रा कर चुका है। मामले में अमेरिकी दूतावास को सूचना भेजी जा रही है। मामले में एटीएस और एसटीएफ भी जांच कर रही हैं।
क्राइम ब्रांच के एएसपी अमरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी आमिर खेरानी के बारे में सूचना मिली थी कि उसने कई तरह के फर्जीवाड़े किए हैं। टीम ने सोमवार को उसे स्नेहलता गंज स्थित सिल्वर जुबली अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। आरोपी ने राजेश अग्रवाल के नाम से आइडेंटिटी बनवाकर न सिर्फ फर्जी दस्तावेज बना रखे हैं, बल्कि इसने हैदराबाद के एक इलाके से इसी नाम पर खुद का पासपोर्ट भी तैयार करा रखा था। हैदराबाद एटीएस और वहां की स्थानीय पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई है। यह भी पता चला है कि अमेरिका में इसकी प|ी व एक बच्चा है। एक बच्चा गुजरात में इसके माता-पिता के साथ रहता है।
अभी सामने नहीं आया पहचान बदलने का मकसद
आइडेंटिटी बदलने का मकसद क्या था? इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आइडेंटिटी बदलकर अमेरिका में रहने के मामले की जानकारी गृह मंत्रालय को भी भेजी जा रही है। आरोपी ने कबूला है कि वर्ष 1998 से वह अमेरिका में राजेश अग्रवाल बनकर ही रह रहा था और फर्जी पासपोर्ट पर चार बार इंदौर आ चुका है। इसके एजेंट का भी पता लगाया जा रहा है, जिसने हैदराबाद में इसका फर्जी पासपोर्ट तैयार कराया था, जिसने पासपोर्ट का वेरिफिकेशन किया, उनसे भी मामले में पूछताछ होगी।