वाणिज्यिक कर दफ्तर बदहाल, लिफ्ट खराब, पेयजल नहीं, खिड़कियां भी टूटी
इंदौर | दवा बाजार के पास स्थित चेतक चैंबर की 5वीं से 8वीं मंजिल तक वाणिज्यिक कर के एंटी एवेजन विंग सहित कई दफ्तर बने हुए हैं। यहां पेयजल संकट, गंदगी और लिफ्ट खराब होने की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह शिकायत मंगलवार को मप्र टैक्स लाॅ बार एसोसिएशन ने वाणिज्यिक कर संभागीय उपायुक्त से की है। एसोसिएशन अध्यक्ष अश्विन लखोटिया ने उपायुक्त को सौंपे पत्र में कहा कि आने-जाने के लिए लगी चार में से दो लिफ्ट बंद पड़ी हैं। ऐसे में सैकड़ों डीलर्स, कर सलाहकारों को दफ्तर जाने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल करना पड़ता है या लिफ्ट आने का इंतजार। गर्मी के दिनों में भी पेयजल भी उपलब्ध नहीं है। दफ्तर की खिड़कियां टूटी हैं, जिससे गर्म हवा अंदर आती है।साफ-सफाई भी पर्याप्त नहीं है। इन सभी असुविधाओं के कारण यहां काम करना मुश्किल हो रहा है। हर दिन आने वाले व्यापारी और कर सलाहकारों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।