- Hindi News
- National
- विमान के वाॅशरूम में मिले साढ़े तीन किलो सोने के बिस्किट मामले में डीआरआई ने जेट के अधिकारियों से की पूछताछ
विमान के वाॅशरूम में मिले साढ़े तीन किलो सोने के बिस्किट मामले में डीआरआई ने जेट के अधिकारियों से की पूछताछ
इंदौर|जेट एयरवेज के दिल्ली से इंदौर आए विमान के वाॅशरूम में मिले साढ़े तीन किलो सोने के 30 बिस्किट मामले में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने जांच शुरू कर दी है। डीआरआई ने जेट के इस विमान का पूरा रूट निकलवाया है कि यह कहां-कहां से होता हुआ इंदौर पहुंचा। साथ ही जेट के स्टाफ से पूछताछ की। उनसे यात्रियों के नाम भी मांगे हैं, जिनका मिलान ब्लैक लिस्ट से होगा, जिसमें तस्करों के नाम हैं। सोमवार रात जेट एयरवेज का विमान (9 डब्ल्यू-793) रात 10.50 बजे दिल्ली से इंदौर आया था। यह विमान रात को इंदौर में रुककर अगली सुबह 6.10 बजे मुंबई रवाना होता है। रात को जब यह विमान इंदौर पहुंचा तो इसकी सफाई और सुरक्षा जांच की गई, इस दौरान जेट के एक सुरक्षा अधिकारी अभिजीत नायक को वॉशरूम में टिशू पेपर के बाॅक्स में काली पॉलीथिन में टेप से बंधे दो पैकेट मिले। इसे खोलने पर सोने के साढ़े तीन किलो (एक करोड़ 13 लाख 79 हजार रुपए) के 30 बिस्किट मिले।
अबू धाबी से मुंबई, बेंगलुरू, दिल्ली होते हुए आया विमान
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बिस्किट यूएई के थे। विमान दुबई से भारत आया था और दिल्ली होता हुआ इंदौर पहुंचा। वहीं बुधवार को हुई जांच में डीआरआई अधिकारियों को जेट के अधिकारियों ने बताया है कि यह विमान अबू धाबी से मुंबई, बेंगलुरू और फिर दिल्ली होते हुए इंदौर आया था। जांच के दौरान डीआरआई अधिकारियों ने सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित अपने कार्यालय में जेट के अधिकारियों से फ्लाइट, सुरक्षा कर्मियों और सफाई स्टाफ की भी जानकारी मांगी। साथ ही विमान जिस-जिस एयरपोर्ट गया, वहां के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने की कोशिश की जाएगी।