यूनिवर्सिटी की सभी प्रवेश परीक्षाओं के लिए अब बनेगा एडमिशन सेल
देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी कार्यपरिषद की बुधवार को हुई बैठक में हंगामे के बीच कई फैसले लिए गए। सबसे अहम निर्णय यह रहा कि अब सीईटी, पीएचडी एंट्रेंस, नॉन सीईटी एडमिशन टेस्ट सहित तमाम प्रवेश परीक्षाओं के लिए एक एडमिशन सेल बनेगा। इसके लिए कार्यपरिषद ने एक कमेटी भी बना दी है, जो यूनिवर्सिटी को रिपोर्ट सौंपेंगी कि एडमिशन सेल कैसे काम करेगा। बैठक शुरू होते ही सदस्य प्रो. विजय बाबू गुप्ता ने यह सुझाव दिया था कि सेल का गठन कर जवाबदारी उसे ही सौंपी जाना चाहिए। आलोक डाबर ने मूल्यांकन प्रक्रिया काे लेकर लागू किए गए नए सिस्टम पर सवाल उठाए और कहा कि बिना सोचे-समझे लीड कॉलेजों को अचानक जिम्मेदारी साैंप दी। इससे प्राचार्यों को परेशानी हो रही है। कुलपति प्रो. नरेंद्र धाकड़ ने कहा कि एकेडमिक काउंसिल और कार्यपरिषद की अगली बैठक में प्रस्ताव को मंजूर करवाकर प्राचार्यों की समस्याएं भी दूर करेंगे।
आपत्ति के चलते नहीं खुले प्रमोशन के लिफाफे
राजभवन की हरी झंडी मिलने के बाद भी आईआईपीएस सहित कुछ विभागों की 15 फैकल्टी के प्रमोशन का लिफाफा आपत्ति के कारण नहीं खुल सका। बैठक में तक्षशिला परिसर में माता अहिल्या की प्रतिमा लगाने का निर्णय हुआ। स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के डायरेक्टर पद से रिटायर्ड प्रो. गणेश कावड़िया की सेवाएं दो साल के लिए बढ़ाने पर सहमति बनी।