यशवंत क्लब में चुनाव से पहले सोमवार रात को नया विवाद शुरू हो गया। मैनेजिंग कमेटी ने रात को एक पत्र जारी किया, जिसमें सभी सदस्यों से 26 फरवरी को हुई ईओजीएम के ड्राफ्ट मिनट्स को लेकर 26 मई तक अपने सुझाव भेजने के लिए कहा गया। कमेटी ने साथ में यह भी माना कि इस मामले में कोर्ट में विवाद चल रहा है और संबंधित पक्ष को अंतरिम स्टे मिला हुआ है। इसी बात को लेकर पम्मी पैनल ने कहा कि जब कोर्ट से स्टे मिला हुआ है तब मैनेजिंग कमेटी द्वारा ड्राफ्ट मिनट्स जारी करना और उसके सुझाव मांगना यह दोनों ही अवमानना की श्रेणी में आता है।
मैनेजिंग कमेटी के चुनाव 24 जून को होना है। इस बार चुनाव के एक माह पहले आचार संहिता लागू की जाना थी, लेकिन कानूनी विवाद के चलते मैनेजिंग कमेटी इसे लागू नहीं कर पाई। अब इस पर विचार हो रहा है कि मैनेजिंग कमेटी अपने स्तर पर ही शराब पार्टियां राेकेगी, ताकि बिना विवाद और पैसा बर्बाद किए चुनाव प्रचार हो। इसके लिए कमेटी इसी सप्ताह बैठक कर इसके बिंदु तय करेगी।