पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • टॉवेल पानी लेने चले गए गार्ड, तब डूबा बच्चा

टॉवेल-पानी लेने चले गए गार्ड, तब डूबा बच्चा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
क्रिसेंट वाटर पार्क के रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में 10 वर्षीय बच्चे स्वयं मंदवानी की डूबने से हुई मौत की घटना में पुलिस की प्रारंभिक जांच में पार्क प्रबंधन और बच्चे के परिजनों की लापरवाही सामने आई है। खुड़ैल पुलिस की टीम सोमवार को रिसॉर्ट पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे। फुटेज में दिख रहा है कि स्वयं बच्चों के स्विमिंग पूल से निकलकर खुद ही बड़ों के स्विमिंग पूल में चला गया था। वहां तैनात सिक्युरिटी गार्ड परिजनों के लिए टॉवेल और पानी लेने चले गए थे। उसी दौरान वह बड़ों के पूल में जा कूदा और हादसा हो गया।

स्वयं जूनी इंदौर इलाके की त्रिवेणी कॉलोनी में रहने वाले व्यापारी सचिन मंदवानी का बेटा था। खुड़ैल टीआई हाकम सिंह पंवार ने बताया रविवार को मंदवानी के परिवार के 18 से ज्यादा लोग यहां पहुंचे थे। इनमें 12 बड़े और छह बच्चे थे। परिजनों ने दिनभर स्विमिंग पूल में मौज-मस्ती की। टीआई ने बताया घटना स्थल पर लगे कैमरे के फुटेज में स्वयं बच्चों के पूल में मस्ती करता दिख रहा है। कुछ देर बाद उसके साथी बच्चे पूल से निकल गए और परिवार की महिलाएं खाना खाने व चेंजिंग करने गईं, तभी वह चुपचाप बड़ों के पूल की तरफ चला गया। हालांकि वह पूल में कूदा तो वह इलाका कैमरे में कवर नहीं हो सका।

पूल के सामने खाना खा रहे थे परिजन

टीआई के मुताबिक इस दौरान परिवार का कोई बड़ा व्यक्ति उसके पास नहीं था। परिवार के कुछ लोग पूल के सामने ही टेबलें लगाकर खाना खा रहे थे, लेकिन उनका भी ध्यान नहीं गया। प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि जब स्वयं बड़ों के पूल के पास पहुंचा तो वहां तैनात रहने वाला गार्ड कपिल पटेल मंदवानी परिवार के किसी सदस्य के कहने पर टॉवेल लेने चला गया था। दूसरा गार्ड अर्जुन चौधरी पानी लेने चला गया था। दोनों की कुछ देर की गैर मौजूदगी के दौरान ही बच्चा पूल में कूद गया था। वह काफी देर तक नहीं दिखा तो लोगों ने उसे पूल में तलाशा। रात सवा आठ बजे परिजन उसे हॉस्पिटल ले गए थे, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में लसूड़िया पुलिस ने मर्ग कायम कर केस डायरी खुड़ैल पुलिस को भेज दी है।

परिवार और रिसोर्ट प्रबंधन दोनों की लापरवाही सामने आई है

जो भी सीसीटीवी फुटेज हमने देखे हैं, उनमें परिवार और रिसोर्ट प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। पूल के पास तैनात रहने वाले दोनों गार्ड भी गायब थे। फिलहाल हमने पार्क प्रबंधन से रविवार पूरे दिन के सीसीटीवी फुटेज मांगे हैं। - हाकम सिंह पंवार, टीआई खुड़ैल

स्वयं मंदवानी

खबरें और भी हैं...