इंदौर। नगर निगम सार्वजनिक स्थानों, बिजली पोल, रोटरी और चौराहों पर लगने वाले फ्लैक्स के खिलाफ अभियान चलाएगा। निगमायुक्त आशीष सिंह ने रिमूवल अमले को इसके निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया दिन में इन्हें हटाने के साथ ही रात में निगम टीम देखेगी कि अवैध फ्लैक्स कौन लगा रहा है। ऐसे लोगों को पकड़ने के बाद उन पर केस दर्ज करवाएंगे। उधर, निगम ने पारसी मोहल्ला, महादेव घाट में बन रही पाल, रिटेनिंग वाल में बाधक निर्माण हटाए। बीओ शांतिलाल यादव ने बताया कान्ह किनारे पाल एवं रिटेनिंग वाॅल निर्माण में पारसी मोहल्ला महादेव घाट के पास स्थित बाधक 3 मकान थे, जिन्हें हटाया। कार्रवाई में सहायक रिमूवल अधिकारी वीरेंद्र उपाध्याय व अन्य मौजूद थे।