हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ में शुक्रवार को सुनवाई के दौरान एक वकील ने जज को अपशब्द कह दिए। कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में असहज स्थिति बन गई। अपशब्द कहने वाले वकील को साथियों ने समझाकर कोर्ट रूम से बाहर निकाला।
दरअसल, जमानत का एक प्रकरण जज के समक्ष लगा था। जज ने जमानत आवेदन के संबंध में कुछ पूछा तो वकील ने एतराज जताया। इसके बाद वह कोर्ट रूम से चले गए। कुछ समय बाद वे फिर कोर्ट में आए और अपशब्द कह दिए। दिनभर कोर्ट परिसर में इसी घटना की चर्चा होती रही। इंदौर अभिभाषक संघ के चुनाव में भी वकील घटना के बारे में चर्चा कर रहे थे।