खेसं. इंदौर | सुपर कॉरिडोर पर रविवार को होने वाले महादंगल में देश और विदेश के पहलवानों का सुपर संडे मनने जा रहा है। दंगल में अपने दांव पेंच दिखाने के भारतीय स्टार ओलिंपियन व कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट नरसिंह यादव, एशियन चैंपियनशिप के गोल्ड मेडलिस्ट संदीप तोमर, कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट शिल्पी शेरोन यादव और एशियन चैंपियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट नवजोत कौर इंदौर पहुंच गए हैं।
शनिवार को दंगल परिसर में स्थित कुश्ती एरिना की मिट्टी में पांच हजार लीटर छाछ, एक हजार लीटर तेल तथा 2 हजार निंबूओं के रस से मिट्टी को मुलायम किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिन्हा की मौजूदगी में कुश्ती एरिना का विधिवत पूजन भी संपन्न हुआ। इस मौके पर विधायक सुदर्शन गुप्ता, एमआईसी सदस्य अश्विनी शुक्ल, पार्षद टीनू जैन, पप्पू यादव मौजूद थे। करीबन 30 हजार दर्शकों के बैठने के लिए अस्थायी गैलरियों का निर्माण भी लगभग पूरा होने को है।
मेगा स्क्रीन पर होगा सीधा प्रसारण
दंगल का शहर के प्रमुख स्थानों 56 दुकान, राजबाड़ा, सराफा, पलासिया, साकेत चौराहा, बड़ा गणपति, गांधी नगर, महूनाका के साथ ही बड़नगर व बेटमा में भी विशाल स्क्रीन लगाकर सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। स्टेडियम के बाहर भी कुल 24 स्क्रीन लगेंगी।