अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में जमानत, अचानक पहुंचे थे कोर्ट
अभिनेता राजपाल यादव ने मंगलवार को जिला कोर्ट में पेश होकर चेक बाउंस मामले में जमानत कराई। कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था और पेश होने की तारीख के दो दिन पहले ही वे अचानक कोर्ट पहुंच गए।
राजपाल दोपहर में न्यायिक दंडाधिकारी एके भूरिया की कोर्ट में पेश हुए। चार साल पहले उन्होंने निजी आवश्यकता बताते हुए सुरेंदर सिंह निवासी प्रताप नगर इंदौर से पांच लाख रुपए उधार लिए थे। बदले में यादव ने सितंबर 2015 का एक्सिस बैंक मुंबई का चेक दिया था, जो बाउंस हो गया। इस पर फरियादी ने नोटिस दिया, लेकिन भुगतान नहीं किया। फरियादी ने धारा 138 के तहत निजी परिवाद दायर किया था। कोर्ट ने पहले समन जारी किया। यादव के पेश नहीं होने पर जमानती वारंट जारी कर 19 अप्रैल को पेश होने के आदेश दिए थे। यादव पेशी के दो दिन पहले ही मंगलवार को कोर्ट में हाजिर हो गए। उनके वकील ने जमानती आवेदन पेश किया, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए 50 हजार रुपए की जमानत दे दी। अदालत ने 19 को प्रकरण फिर सुनवाई के लिए रखा है। उसमें यादव को पुन: हाजिर होना है।