पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • परीक्षा से रोकने पर बीएड छात्रों ने किया यूनिवर्सिटी में हंगामा

परीक्षा से रोकने पर बीएड छात्रों ने किया यूनिवर्सिटी में हंगामा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं देने से नाराज मॉडर्न बीएड कॉलेज के छात्रों ने मंगलवार को नालंदा परिसर में हंगामा किया। प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा जब हमारे रोल नंबर दो दिन पहले जारी कर दिए थे, तो किस आधार पर परीक्षा में बैठने से रोका। वहीं प्रबंधन का कहना है तकनीकी गलती से रोल नंबर जारी हाे गए होंगे। कॉलेज के पास संबद्धता नहीं है। 48 घंटे पहले ही कॉलेज प्रबंधन को सूचना दे दी थी कि संबद्धता की शर्त पूरी करें या छात्रों को बता दें कि वे परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों को धोखे में रखा। देर तक यूनिवर्सिटी प्रबंधन और छात्रों में बहस चली।

दरअसल डीएवीवी ने संबद्धता नहीं होने के कारण तीन कॉलेजों को परीक्षा से बाहर कर दिया। यह चौथा कॉलेज है जिसके छात्रों को परीक्षा देने से रोका गया। मंगलवार दोपहर ढाई बजे बीएड का पहला परचा था और जब छात्रों को परीक्षा नहीं देने दी तो वे भड़क गए।

इंपीरियल कॉलेज मामले में शासन, डीएवीवी को नोटिस

इंपीरियल एकेडमी बीएड कॉलेज के छात्रों की याचिका पर हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने कुलपति और प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। याचिका में छात्रों ने पिछली परीक्षा का रिजल्ट जारी करवाने और किसी अन्य कॉलेज में शिफ्ट करने की मांग की थी। उच्च शिक्षा विभाग से एक लाख रुपए प्रति छात्र हर्जाना भी मांगा। छात्रों का कहना है उन्हें कॉलेज शासन की तरफ से अलॉट किया गया था, जबकि परीक्षा यूनिवर्सिटी ने ली। बाद में यूनिवर्सिटी ने ही कॉलेज की संबद्धता नहीं होने का कहकर रिजल्ट रोक दिया। छात्रों का तर्क था जब शासन ने ही कॉलेज अलॉट किया तो हमारी क्या गलती है। अगर संबद्धता नहीं थी तो शासन ने कैसे कॉलेज अलॉट कर दिया। तब यूनिवर्सिटी ने स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की। हमारा एक साल खराब हो गया।

खबरें और भी हैं...