इंदौर | सराफा पुलिस सूदखोरों से परेशान होकर आत्महत्या करने वाले स्टेशनरी व्यवसायी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है। दरअसल, परिजनों ने मोबाइल पर धमकी मिलने की बात कही थी। विंध्याचल नगर में रहने वाले पिंकेश गोयल (30) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी खजूरी बाजार में स्टेशनरी की दुकान है। वह प्रॉपर्टी का काम भी करते थे। उन्होंने सुपर कॉरिडोर पर दो टाउनशिप में निवेश किया था। नुकसान होने पर उन्होंने कर्ज भी लिया था। परिजन का कहना था कि कुछ महीने पहले से उन्हें धमकियां मिल रही थीं। इस बात से वह डिप्रेशन में था। सराफा पुलिस का कहना है कि वह व्यापारी के मोबाइल नंबर के आधार पर उनकी कॉल डिटेल निकाल रही है, ताकि पता चल सके कि आखिर कौन-कौन उन्हें फोन कर रहा था। पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ करेगी।