अंश के शतक से जीता आरबीसीएफ
इंदौर | मैन ऑफ द मैच अंश बागड़िया (108*) के नाबाद शतक की बदौलत आरबीसीएफ ने परमदीप सिंह पठानिया स्मृति अंडर-13 टी-20 क्रिकेट स्पर्धा के मुकाबले में अथर्व क्रिकेट एकेडमी को 148 रनों से पराजित किया। आरबीसीएफ ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 1 विकेट पर 226 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। आदित्य जाॅली ने नाबाद 69 रन बनाए। जवाब में अथर्व एकेडमी की टीम 18 ओवर में मात्र 78 रनों पर सिमट गई। अक्षत पांचाल ने सर्वाधिक 45 रन बनाए। अंश दादवानी, अभिनव सोलंकी आैर उद्यान ने 3-3 विकेट हासिल किए। आरबीसीएफ के बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत करते हुए अथर्व क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजों की जमकर परीक्षा ली। अंश ने 63 गेंदों का सामना करते हुए 15 चाैकों की मदद से नाबाद 108 रनों की पारी खेलते हुए अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। अंश ने आदित्य के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। अर्णव का अर्धशतक : इसी स्पर्धा के अंतर्गत खेले गए दूसरे मुकाबले में न्यू टेलेंट एकेडमी ने लक्ष्मण सिंह गौड़ क्लब को 55 रनों से पराजित किया। न्यू टेलेंट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी 20 ओवर में 8 विकेट पर 109 रन बनाए। अर्णव ने 53 रन बनाए। अक्षत आैर शिवम ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में लक्ष्मणसिंह गौड़ एकेडमी की टीम 12 ओवर में 54 रनों पर ढेर हो गई। सलज रघुवंशी आैर प्रांजल त्रिवेदी ने 3-3 विकेट हासिल किए। अंश का दोहरा प्रदर्शन : अंश जाधव (39 रन आैर 3 विकेट) के दोहरे प्रदर्शन के सहारे सीसीआई ने क्रिश्चियन एमिनेंट को 29 रनों से मात दी। सीसीआई ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 109 रन बनाए। अंश जाधव ने 39 आैर विधान तोमर ने 19 रनों का योगदान दिया। नीरज ग्रोवर ने 4 विकेट लिए। जवाब में क्रिश्चियन एमिनेंट की टीम 17 ओवर में 81 रनों पर सिमट गई। माहिल, मयूर आैर रौनक ने 2-2 विकेट लिए।
अंश बागड़िया