हरसिद्धि स्थित डिस्पेंसरी में डॉक्टर और स्टाफ नदारद
इंदौर | हर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए जगह-जगह डिस्पेंसरियां खोली गईं, लेकिन यहां काम करने के लिए डॉक्टर्स और कर्मचारी नहीं है। मंगलवार को सिविल सर्जन डॉ. एमएस मंडलोई हरसिद्धि डिस्पेंसरी पहुंचे तो न स्टाफ मिला और न डॉक्टर। इस डिस्पेंसरी में दो कर्मचारियों का स्टाफ और डॉ. निर्मला अखंड की ड्यूटी रहती है, लेकिन मौके पर कोई नहीं था। पूछने पर पता लगा कि डॉ. अखंंड की ड्यूटी पीसी सेठी अस्पताल में लगाई गई है, इसलिए वह नहीं आई। इसके अलावा नाइट ड्यूटी करने के कारण दूसरे दिन भी अवकाश रहता है। ऐसे में डिस्पेंसरी डॉक्टर विहीन हो जाती है। इस कारण मरीजों को इलाज ही नहीं मिल पाता। डॉ. मंडलोई ने बताया कि हमने डॉ. सिमलोट की ड्यूटी लगाई है। हमारे पास कुछ डिस्पेंसरियों में डॉक्टर्स ही नहीं है। जिन डिस्पेंसरी में डॉक्टर हैं, उनकी ड्यूटी जरूरत पड़ने पर बड़े अस्पतालों में ड्यूटी लगा दी जाती है। जिसके कारण भी परेशानी आती है। शासन स्तर पर नियुक्ति होना है।