अब हम चुप बैठने वाले नहीं
यह ऐसा दिन था जब विपक्षी बल्लेबाजों को आप अंतिम पांच ओवरों में खामोश रखने में सफल रहते हैं और पूरी टीम को 15 ओवर में समेट देते हैं। सोमवार को इंदौर में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ हमारे मैच में बिल्कुल ऐसा ही हुआ। इस जीत से प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें कायम है। हम जानते थे कि हमें अपने आखिरी चारों मुकाबले जीतने हैं। चार में से दो मुकाबले हम जीत चुके हैं और अब दो बाकी हैं। घरेलू मैदान पर हमें सनराइजर्स और घर के बाहर राजस्थान रॉयल्स से भिड़ना है। कुछ भी हो सकता है, लेकिन हम लड़ेंगे जरूर। पंजाब के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर उमेश यादव ने हमारे लिए जीत की नींव रख दी। हमारे फील्डरों ने भी दबाव बनाए रखा। हमने तीन रन आउट किए, और पंजाब को 15.1 ओवर में 88 रन पर समेट दिया। विराट कोहली और पार्थिव पटेल ने आक्रामक जवाब दिया और हम 8.1 ओवर में ही बिना विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर लिया। हमने रन रेट भी अच्छा किया और आगामी मैचों के लिए विपक्षी टीमों को एक कड़ा संदेश भी दिया। आरसीबी टीम अब चुप बैठने वाली नहीं है। शनिवार को दिल्ली में खेलने के बाद रविवार का दिन काफी लंबा रहा। आंधी तूफान के चलते उड़ानें लेट हुईं, जिससे रात तक ही इंदौर पहुंच सके और मंगलवार को हमने मैच खेला। हैदराबाद और राजस्थान से मुकाबले कठिन होंगे। जैसा कि विराट ने इंदौर में कहा था हम ऐसी स्थिति में हैं जहां हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है और इस पहलू ने हमारे लिए अच्छा काम किया है। (टीसीएम)
एबी डिविलियर्स की कलम से