- Hindi News
- National
- परिजन ने डीआईजी को लिखा पत्र, पुलिस नहीं जुटा पा रही सबूत, खत्म करें केस
परिजन ने डीआईजी को लिखा पत्र, पुलिस नहीं जुटा पा रही सबूत, खत्म करें केस
इंदौर | यूरो किड्स स्कूल (मल्हारगंज) में तीन शिक्षिकाओं पर साढ़े चार साल की बच्ची से हरकत करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। दरअसल, परिजन ने डीआईजी को पत्र लिखा है कि पुलिस अब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। हम भी परेशान हो चुके हैं, इसलिए केस खत्म किया जाए। वहीं डीआईजी ने मामले का खात्मा करने के निर्देश दे दिए हैं। बच्ची के मामा ने बताया- हां, हमने पत्र लिखा है। पुलिस की जांच से हम संतुष्ट हैं। डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र ने बताया कि 8 दिसंबर 2017 को छत्रीपुरा थाना क्षेत्र के यूरो किड्स स्कूल में अमरावती से मामा के यहां पढ़ने आई साढ़े चार साल की बच्ची ने स्कूल की तीन शिक्षिकाओं पर अश्लील हरकत करने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने शिक्षिकाओं पर केस दर्ज किया था।
गलतफहमी थी जो दूर हो गई : यूरो किड्स प्रबंधक माधवी चौधरी ने बताया कि घटना को लेकर हम भी अचंभित थे। हमने पुलिस को जांच में पूरा सहयोग किया है। पुलिस जांच से हम संतुष्ट हैं। पालकों के मन में जो गलतफहमी थी, वह दूर हो गई।