इस बार प्रॉपर्टी की गाइडलाइन नहीं बढ़ेगी
प्रॉपर्टी की गाइडलाइन में इस वित्तीय साल में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। कलेक्टर निशांत वरवड़े के आदेश के बाद गाइडलाइन पर बुधवार दोपहर में कलेक्टोरेट में उप मूल्यांकन कमेटी की बैठक हुई, जिसमें तय किया गया कि इस बार यथास्थिति रखी जाएगी और गाइडलाइन में कोई इजाफा नहीं किया जाएगा। उप मूल्यांकन समिति के प्रमुख व एसडीएम बिहारी सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि नगर निगम द्वारा जिन 572 अवैध कॉलोनियों को वैध करने की कार्रवाई की जा रही है, उन सभी को इस बार गाइडलाइन में औपचारिक रूप से शामिल किया जाए। उप पंजीयक कौशलेंद्र सिंह ने बताया इसमें से अाधी से ज्यादा कॉलोनियां पहले से गाइडलाइन में शामिल हैं। इस पर एसडीओ सिंह ने कहा- इस सूची को निगम की अवैध कॉलोनियों की सूची से क्रॉस चेक कर लिया जाए और जितनी भी छूटी हो उन सभी को इसमें शामिल करने का प्रस्ताव बना लिया जाए।ं 22 कॉलोनियों को भी गाइडलाइन में शामिल करने का प्रस्ताव पास हो गया।