िनयमित रूप से लगानी होगी शारीरिक शिक्षा की कक्षाएं
इंदौर | स्टूडेंट्स में शारीरिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सीबीएसई स्कूलों में नए स्तर पर क्लास शुरू की जाएंगी। इसमें स्पोर्ट्स के एक्सपर्ट छात्र-छात्राओं के लिए रोजाना एक फिजीकल एजुकेशन का पीरियड लेंगे। इसमें विद्यार्थियों को थ्योरी के साथ प्रैक्टीकल पर भी जोर दिया जाएगा। क्लासरूम टीचिंग के बाद छात्र-छात्राओं को खेल मैदान पर भी जाना होगा। हाल ही में सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने शारीरिक शिक्षा को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है। जिसके अंतर्गत स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे छात्र-छात्राओं के लिए शारीरिक शिक्षा की कक्षा नियमित रूप से लगाएं। फिजीकल एजुकेशन की क्लास को लेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने भी बोर्ड की सराहना की है। उनके द्वारा बोर्ड के लिए लिखा गया एक लेटर सीबीएसई ने अपनी वेबसाइट पर साझा किया है। जिसमें सचिन ने बोर्ड को धन्यवाद देते हुए उनके इस प्रयास की सराहना की है।