देर रात शादी में 18 लोग जुआ खेलते हुए पकड़ाए
विजय नगर पुलिस ने शनिवार देर रात करीब 2.30 बजे शादी समारोह में जुआ खेलते हुए 18 लोगों को पकड़ा। इसकी खबर लगते ही रात में ही उनके परिवार के लोग इकट्ठा होकर थाने पहुंच गए। वे सभी को छोड़ने की मांग करने लगे। इस दौरान कंट्रोल रूम पर भी इसका प्रसारण हो गया, जिसके बाद रात्रि गश्त के अधिकारी भी थाने पहुंचे। केस दर्ज करने के बाद सभी को रात में ही जमानत पर छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी एसके दास ने बताया कि रेनेसा कॉलेज के पास शादी समारोह चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई थी।
जिलाबदर गुंडा चाकू सहित गिरफ्तार
इंदौर | हीरानगर इलाके में एक कलाली में जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर शराब पी रहे गुंडे को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस जांच के लिए जैसे ही कलाली में घुसी तो बदमाश शुभम बंजारी (22) निवासी परदेशीपुरा चुपचाप वहां से निकलने लगा। जवानों को संदेह हुआ तो उसे दबोच लिया। उसके पास से चाकू मिला। बदमाश डेढ़ माह पूर्व ही जिलाबदर हुआ था। उसे जिलाबदर आदेश के उल्लंघन में गिरफ्तार किया गया।