- Hindi News
- National
- ब्राह्मण समाज ने संस्कार यात्रा में नहीं लगाए बैनर पोस्टर और होर्डिंग, जो पैसा बचा वह कैंसर पीड़ित बच्चे को दिया
ब्राह्मण समाज ने संस्कार यात्रा में नहीं लगाए बैनर-पोस्टर और होर्डिंग, जो पैसा बचा वह कैंसर पीड़ित बच्चे को दिया
भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में ब्राह्मण समाज ने रविवार को 60 फीट रोड से संस्कार यात्रा निकाली। यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए समाज के लोगों ने बैनर-पोस्टर, होर्डिंग्स नहीं लगाए। उक्त राशि को बचाकर 21 हजार रुपए समाज के एक कैंसर पीड़ित बच्चे के इलाज के लिए दिए। इसके अलावा मौके पर समाज के अन्य लोगों ने भी मदद की। समाज के लोगों ने कहा- इस फिजूलखर्ची की जगह यह राशि किसी की मदद में लगे, इसलिए समाज के लोगों ने यह निर्णय लिया।
परशुराम सेना द्वारा रविवार शाम यह यात्रा निकाली गई। यात्रा से पहले कैंसर पीड़ित 10 साल के बच्चे के पिता को 21 हजार की राशि यात्रा आयोजकों ने दी। जब समाज के लोगों को जानकारी लगी तो उन्होंने भी मदद की। बड़ी संख्या में लोगों ने राशि दी। करीब 55 हजार रुपए की मदद बच्चे के इलाज के लिए समाज के लोगों ने की। यात्रा आयोजक पं. दीपक शुक्ला ने बताया ब्राह्मण समाज के बेटे रॉकी दुबे को कैंसर है। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उसके इलाज के खर्च में करीब 15 लाख रुपए का खर्च आएगा। उसकी मदद के लिए समाज के लोग आगे आए। हमने निर्णय लिया कि एक भी बैनर-पोस्टर, होर्डिंग नहीं लगाएंगे और उस राशि को उसके इलाज के लिए देंगे।
समाजजनों ने सहायता राशि 51 हजार रुपए बच्चे के पिता को सौंपी।
मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुई यात्रा, गूंजा जयघोष
संस्कार यात्रा की शुरुआत शाम को मंत्रोच्चार के बीच हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग दोपहिया वाहनों पर सवार थे। इस दौरान परशुरामजी का जयघोष गूंजा। यात्रा बड़ा गणपति होते हुए परशुराम वाटिका पर समाप्त हुई। यात्रा में विष्णुप्रसाद शुक्ला, पं. कृपाशंकर शुक्ला, आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक, विकास अवस्थी, लालजी तिवारी आदि मौजूद थे।