इंदौर | देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के नालंदा परिसर में गुरुवार को एबीवीपी का दो घंटे तक ड्रामा चला। इसके चलते कई छात्रों को निराश लौटना पड़ा। दरअसल, एबीवीपी कार्यकर्ता दोपहर करीब 12.15 बजे यहां पहुंचे। वे कर्मचारियों की कमी और टीचिंग स्टाफ के खाली पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। नारेबाजी के बीच लगभग डेढ़ घंटे तक कार्यकर्ता चैनल गेट पर बैठे रहे। छात्रों को अंदर नहीं जाने दिया गया। कई छात्रों को बगैर काम हुए लौटना पड़ा। जब कुलपति प्रो. नरेंद्र धाकड़ आए तो कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के बीच उन्हें परिसर में ही रोक लिया। धूप में ही उन्हें ज्ञापन सौंपने पर अड़ गए। पुलिस ने सख्ती दिखाकर कुलपति को चैनल गेट तक पहुंचाया। यहां कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी के महानगर मंत्री वीरेंद्रसिंह सोलंकी का कहना है कि कुलपति ने डेढ़ घंटे तक इंतजार करवाया, इसलिए हमने उन्हें रास्ते में ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में शुभेंद्रसिंह गौड़, सन्नी सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं कुलपति प्रो. धाकड़ ने कहा- पद भरना हमारे हाथ में नहीं है, इसलिए कार्यकर्ताओं को जल्दबाजी नहीं दिखाना चाहिए। शासन के निर्देशों पर यह प्रक्रिया पूरी करते हैं।